423 पोलिंग पार्टियां हुई रवाना, मतदान आज

तीन लाख 46 हजार 737 मतदाता करेंगे अपने मताधिकार का प्रयोग

125 मतदान केंद्र पर बनाए गए 423 बूथ
बलिया। निकाय चुनाव के क्रम में गुरुवार को होने वाले मतदान के लिए बुधवार को 423 पोलिंग पार्टियां रवाना हुई। इस बार कुल 1884 कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है। इनमें 1692 कार्मिक मतदान कराएंगे। 192 कार्मिकों को रिजर्व में रखा गया है। इनमें 1413 पुरुष और 471 महिला कार्मिक शामिल है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि मंगलवार को प्रेक्षक आईएएस विशाल सिंह की उपस्थिति में विकास भवन स्थित एनआईसी में मतदान कार्मिकों का तृतीय रैंडमाइजेशन किया गया था।

रैंडमाइजेशन के माध्यम से दो नगर पालिका परिषद व 10 नगर पंचायतों के लिए कुल 423 पोलिंग पार्टी को बूथ का आवंटन किया गया है। प्रत्येक पोलिंग पार्टी में पीठासीन अधिकारी सहित चार मतदान कार्मिक रहेंगे। प्रेक्षक के अलावा डीएम रविंद्र कुमार ने रिजर्व में लगे पार्टियों का बूथवार आवंटन, रूट चार्ट आदि की जानकारी ली। इस दौरान प्रेक्षक ने निर्देश दिया कि उक्त सूची सभी आरओ/ उप जिला मजिस्ट्रेट को उपलब्ध करा दी जाए, ताकि मतदान पार्टियों के गंतव्य स्थान पर पहुंचने की जानकारी मिल सकें। साथ ही उन्होंने मतदान पार्टियों के लिए भोजन आदि की व्यवस्था की जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि मतदान पार्टियों की ओर से किसी का आतिथ्य स्वीकार न किए जाने के संबंध में अवगत करा दिया जाए। ड्यूटी कार्ड वितरण के संबंध में मुख्य विकास अधिकारी/प्रभारी अधिकारी प्रवीण वर्मा ने कार्मिक को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि कुल 125 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां बने 423 बूथों पर तीन लाख 46 हजार 737 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। नगर निकाय चुनाव में मतदान पूर्ण पारदर्शिता के साथ कराया जाएगा।

इनसेट…..
इन स्थलों से रवाना हुई पोलिंग पार्टियां
बलिया। 11 मई गुरुवार को होने वाले 12 नगर निकायों में मतदान के लिए लगभग सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। गुरुवार को सुबह आठ बजे मतदान पार्टियों की रवानगी मतदेय स्थलों के लिए की गई। जिले में कुल छह रवानगी स्थल बनाए गए थे। एनआईसी के जिला सूचना विज्ञान अधिकारी निजामुद्दीन अंसारी ने बताया कि नगर पालिका परिषद बलिया, नगर पंचायत चितबड़ागांव और रतसड़कलॉ की मतदान पार्टियां कलेक्ट्रेट परिसर मॉडल तहसील से प्रस्थान किया। वहीं नगर पालिका परिषद रसड़ा और नगर पंचायत नगरा के लिए रसड़ा तहसील मुख्यालय से, नगर पंचायत बेल्थरारोड के लिए मतदान पार्टी सीयर ब्लॉक मुख्यालय से, नगर पंचायत सिकंदरपुर के तहसील मुख्यालय सिकंदरपुर से मतदान पार्टी की रवानगी हुई। इसके अलावा नगर पंचायत मनियर, बांसडीह, सहतवार और रेवती के लिए पोलिंग पार्टियां तहसील मुख्यालय बांसडीह और नगर पंचायत बैरिया के लिए तहसील मुख्यालय बैरिया से पोलिंग पार्टी रवाना हुई।

इनसेट…..
चुनाव के लिए 453 वाहन अधिगृहित
बलिया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन अरुण कुमार राय ने बताया कि 11मई को होने वाले मतदान के लिए परिवहन विभाग की ओर से 453 वाहनों को अधिगृहित किया गया है। परिवहन विभाग के आरआई राजभूषण चौधरी ने बताया कि चुनाव के लिए 325 बोलेरो, 56 बस, 27 मिनी बस और 25 मैजिक को चुनाव ड्यूटी में लगाया गया है। इसके अलावा छह बस और 14 बोलेरो को रिर्जव रखा गया है। आरआई ने बताया कि चुनाव ड्यूटी के लिए 325 बोलेरो को पुलिस विभाग को हस्तांनातरित कर दिया गया है।

इनसेट….
16 जोन और 32 सेक्टरों में बंटा जिला
बलिया। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने निकाय चुनाव के लिए 11 मई को होने वाले मतदान को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए जनपद को 16 जोन और 32 सेक्टरों में बांटा है। डीएम ने सभी जोनों में एक-एक जोनल मजिस्ट्रेट और सेक्टरों में सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की है।

इनसेट…..
शराब की दुकानें रहेंगी बंद
बलिया। जिला आबकारी अधिकारी ने बतया कि कि जनपद में 11 मई को होने वाले चुनाव के दृष्टिगत मंगलवार की शाम 6 बजे से 11 मई की शाम 6 बजे तक यह सभी दुकानें बंद रहेंगी। इसी प्रकार 13 मई को होने वाली मतगणना को देखते हुए 12 मई की शाम 6 बजे से मतगणना समाप्ति के दिन रात्रि 12 बजे तक दुकानें बंद रहेंगी।

Please share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!