बलिया। बैरिया के भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी पर निशाना साधा है। उन्हें भ्रष्टाचार में लिप्त बताया है। कहा कि बीएसए शिवनारायण सिंह के संरक्षण में कतिपय लिपिक शिक्षकों से अवैध वसूली कर रहे हैं। सुविधा शुल्क नहीं देने पर शिक्षकों को प्रताड़ित किया जा रहा है। अगर जिलाधिकारी तत्काल उन पर लगाम नहीं लगातीं हैं, तो उनसे व्यक्तिगत रूप से निपट लिया जाएगा। वह बैरिया में शिक्षकों की समस्याओं को लेकर पत्रकारों से मुखातिब थे। विधायक ने कहा कि अधिकारी के आचरण से हमारी सरकार की छवि खराब हो रही है। उन्होंने इस प्रकरण को मुख्यमंत्री से अवगत कराने की बात भी कही।