गाजीपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का जन्मदिन सत्य- अहिंसा के मार्ग पर चलने के संकल्प के साथ मनाया गया। पुलिस लाइन में आयोजित समारोह में पुलिस अधीक्षक डॉ. ओम प्रकाश सिंह ने चित्र पर पुष्प व माल्यार्पण अर्पित कर स्वच्छता व सत्यनिष्ठा के साथ राष्ट्र की एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई।

महापुरुषों के विचारों का अनुकरण करने व उनके आदर्शो पर चलने के बारे में बताया। कहा कि बापू व शास्त्री के आदर्श अब भी प्रासंगिक हैं। महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर पुलिस कर्मियों को संकल्प दिलाया। कहा कि गांधी जी सत्य अहिंसा के पुजारी थे। हम उनके आदर्शो पर चलें यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

इसी क्रम में पुलिस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक नगर ने चित्र पर माल्यार्पण कर पुलिस कर्मियों को राष्ट्र की एकता व अखंडता की शपथ दिलाई। कहा कि हमें आतंकवाद एवं भ्रष्टाचार के समूल सफाए के लिए सत्य व अहिंसा के मार्ग पर चलने का संकल्प लेना होगा।

जिले के समस्त क्षेत्राधिकारियों /थाना प्रभारियों ने भी अपने-अपने कार्यालयों/थानों पर दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर स्वच्छता के लिए शपथ दिलाया।