भाजपा सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने कहा कि अखंड भारत के लिए कर रहे काम
बलिया। भाजपा सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने आरोप लगाया कि मोहम्मद अली जिन्ना और नेहरू के पीएम बनने की जल्दवाजी और जिद्द ने अखंड भारत को तीन टुकड़ों में तोड़ दिया था। श्री मस्त ने कहा कि आजादी मिलने के बाद भी अखंड और वृहद भारत के सपने को हम लोग साकार करेंगे। जो भारत अखंड और वृहद होगा वही विकसित भारत होगा। श्री मस्त रेलवे के अतिथि गृह में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
श्री मस्त ने कहा कि सबसे पहले जिन्ना ने सम्मेलन किया और उस सम्मेलन के जरिए टू नेशन थ्योरी की आवाज बुलंद किया। उसके बाद देश पर शासन कर रहे अंग्रेजों ने जिन्ना की इस आवाज को हथियाद बना लिया। भारत छोड़ते—छोड़ते अंग्रेजों ने अखंड भारत को हिंदू और मुसलमान दो भागों में विभाजन कर दिया। श्री मस्त ने कहा कि देश की आजादी के लिए कांग्रेस के बैनर तले आरएसएस के संस्थापक डा. केशव बलिराम हेडगवार, डा. श्यामाप्रसाद मुखर्जी, मोतीलाल नेहरू, जवाहरलाल नेहरू, जयप्रकाश नारायण, मोहम्मद अली जिन्ना आदि सभी ने एक साथ काम किया। उस दौरान भी मुस्लिम राष्ट्र की बात मोहम्मद अली जिन्ना उठाते रहते थे, तब गांधी जी बार—बार कहते थे देश का बंटवारा मेरे लाश से होकर गुजरेगा। गांधी जी देखते रह गए और भारत तीन टुकड़ों, पूर्वी पाकिस्तान, पश्चिमी पाकिस्तान और भारत के रूप में विभाजन हो गया। पीएम बनने के लिए जिन्ना और नेहरू की जिद्द ने देश को तोड़ दिया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू मौजूद रहे।