बलिया। रसड़ा नगर के हिता का पूरा स्थित आजाद चौराहा के पास शुक्रवार की मध्य रात्रि में वाराणसी से आ रही तेज रफ्तार प्राइवेट बस अनियंत्रित हो डिवाइडर से जा टकराईं। हादसे में बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। संयोग अच्छा रहा कि कुछ यात्रियों ही मामूली रूप से चुटहिल हुए। देर रात हुई घटना के बाद पूर्वांचल के विभिन्न जनपदों के यात्री रात में ही अपने -अपने साधनों से घर चले गए। अन्य लोगों को भेजने के लिए पुलिस ने भी सहयोग किया। सियाराम बस वाराणसी से चलकर सिवान को जा रही थी। बस की गति तेज होने एवं चालक की असावधानी के कारण बस अनियंत्रित होकर आजाद चौराहा स्थित डिवाडर से जा टकराई। संयोग अच्छा था कि कोई हताहत नहीं हुआ। आगे बैठे आधा दर्जन यात्रियों को मामूली चोटें आई। बस चालक भी सुरक्षित बच गया। देर रात हुई घटना के बाद कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल कायम रहा। इसी बीच पुलिस भी वहां पहुंच गई। बाद में यात्री अपने अपने संसाधन से घर चले गए। बस में अधिक मात्रा में फल लदा था। सुवह फल व्यापारी वहां पहुंचकर अपने- अपने साधन से फल ले गए।