बैरिया। उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष सपा के वरिष्ठ नेता माता प्रसाद पांडेय ने प्रदेश में सपा की सरकार बनाने के लिए प्रबुद्ध वर्ग से सहयोग और आशीर्वाद मांगते हुए कहा कि बिना प्रबुद्ध वर्ग के सहयोग समाज में कोई सार्थक परिर्वतन नहीं होता। अत्याचारी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए प्रबुद्ध वर्ग से कमर कस लेने का आह्वान करते हुए चेताया कि अगर दुबारा यह सरकार बन गयी तो प्रदेश में प्रबुद्ध वर्ग का अस्तित्व सुरक्षित नहीं रह पायेगा।
श्री पाण्डेय बतौर मुख्य अतिथि गुरुवार को शुभनथही में छोटे लोहिया जनेश्वर मिश्र की जयंती के अवसर पर आयोजित प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार चलाने वाला व्यक्ति विश्व का सबसे अधिक झूठ बोलने वाला व्यक्ति है। जबकि उत्तर प्रदेश में कानून का राज नहीं बल्कि अपने कानून से राज को चलाया जा रहा है। ऐसे में देश प्रदेश में घुटन बेबसी और लचारी का वातावरण बना हुआ है। हर हाल में इन्हें उखाड़ फेंकना है। इस अवसर पर पूर्व विधायक संतोष पांडे ने कहा कि प्रबुद्ध वर्ग ने भाजपा की सरकार को सहयोग देकर बनाया आज उन्हें का उत्पीडऩ हो रहा है। मुलायम सिंह जब मुख्यमंत्री थे तो परशुराम जयंती पर सार्वजनिक छुट्टी की घोषणा की थी। परंतु इस सरकार ने छुट्टी को रद्द कर दिया। जनेश्वर मिश्र पार्क का लखनऊ में निर्माण कराकर सपा सरकार ने यह संदेश दिया कि प्रबुद्ध वर्ग का सम्मान केवल समाजवादी पार्टी में ही है। पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्र ने कहा कि लखनऊ में 108 फीट ऊंची भगवान परशुराम की मूर्ति का निर्माण प्रगति पर है। उन्होंने एनएच 31 की दुर्दशा पर तंज कसते हुए कहा कि ऐसी सड़क पूरे देश में कहीं नहीं है। गडकरी को घोषणा मंत्री की संज्ञा देते हुए कहा कि सपा सरकार ने जनेश्वर मिश्र सेतु बलिया में बनवाया, लेकिन उसका एप्रोच मार्ग इस सरकार ने नहीं बनवा पाया। कार्यक्रम को डॉक्टर मनोज पांडेय, प्रवक्ता अखिलेश मिश्रा, तेज नारायण पांडेय उर्फ पवन पांडेय, आशुतोष ओझा, रोहित चौबे, शत्रुघ्न पांडेय, देव आनंद उपाध्याय, अरविंद तिवारी, राजकुमार पांडेय, अनंत मिश्र ,राज मंगल यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद चौधरी, नारद राय, सुभाष यादव, जयप्रकाश अंचल, सूर्यभान सिंह, मृत्युजंय तिवारी बबलू,मनोज सिंह, पूर्व विधायक मंजू सिंह, लक्ष्मण गुप्ता, संजय उपाध्याय, गोरख पासवान, राज प्रताप यादव, मृत्युजंय उपाध्याय, छोटे लेहिया की पुत्री पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री आदि ने संबोधित किया। अध्यक्षता स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रामविचार पांडेय तथा संचालन सुशील पांडेय कांह जी ने किया। आगंतुकों का स्वागत सपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री सनातन पांडेय ने किया। जबकि पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री और छोटे लोहिया के अनुज कार्यक्रम के संयोजक तारकेश्वर मिश्र ने आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस मौके पर विनायक मौर्य, लालू यादव ,राज प्रताप यादव, शैलेश सिंह, उमेश यादव, अमर देव यादव ,जयप्रकाश मुन्ना आदि ने श्रद्धा सुमन अर्पित किया।

शंख बजाकर किया शंखनाद
बैरिया। काशी से आए 21 विद्वान पंडितों ने शंख बजाकर शंखनाद किया। मंगलाचरण के बाद स्वास्ती वाचन किया। जिसके बाद केक काटा गया और लोक गायकों ने सोहर गाया। गायकों द्वारा रांगरंग कार्यक्रमों के माध्यम से सपा के मिशन व उद्देश्यों को सम्मेलन में एकत्र हुए प्रबुद्ध लोगों के समक्ष रखा। कार्यक्रम के करता धर्ता पूर्व मन्त्री सनातन पाण्डेय ने 21प्रबुद्ध लोगों को अंग वस्त्रम् से समानित किया। वहीं काशी से आये विद्वानों को सपा नेता सूर्यभान सिह ने अंग वस्त्रम् से सम्मानित किया।
सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब
बैरिया। प्रबुद्ध वर्ग के सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब देखकर उत्साह से लबरेज हुए सपा नेता। उल्लेखनीय है कि छोटे लोहिया पंडित जनेश्वर मिश्र के जयंती में उनके पैतृक गांव शुभनथही में इतनी बड़ी भीड़ पहली बार जुटी थी। जिसे देखकर सपा नेता हुए खुश हो गए। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वालों ने विपक्ष पर भी गीतों के माध्यम से बार-बार हमला बोला। भीड़ ने तालियां बजा कर उत्साह वर्धन किया।