गंगा लाल निशान के पार, आधा दर्जन गांवों में बाढ़ का खतरा..
मझौवां। गंगा नदी की उफनाई लहरें बुधवार की शाम लाल निशान पार कर दी हैं। इसके साथ ही कटान तेज हो गया है। नदी की लहरें तटीय भू-भाग को अपने पेटे में समेट रही है। इससे लोग दहशत में हैं। कुछ लोग अपने घरों के सामानों को समेटकर सुरक्षित स्थान की ओर पलायन करने में जुटे हैं।

केंद्रीय जल आयोग गायघाट के मुताबिक बुधवार को अपरान्ह चार बजे नदी का जलस्तर 57.780 मीटर रिकार्ड किया गया। यहां खतरा विन्दु 57.615 मीटर पर है। इसके साथ ही नदी के जलस्तर में प्रति घंटे एक सेमी का बढ़ाव जारी है। इससे आधा दर्जन से अधिक गांवों पर बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। इसके जिम्मेदार तटीय लोग इलाके के जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन और सीधे तौर पर बाढ़ विभाग को ठहरा रहे हैं। उधर नदी का तेवर देख बाढ़ विभाग ‘फ्लड फाइटिंग’ का खेल शुरू कर दिया है।
…