बलिया। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को देखते हुए बसपा लगातार ब्राह्मणों को साधने में जुटी है। इसके लिए प्रबुद्ध जन सम्मेलन (ब्राह्मण सम्मेलन) कर रही है। इसी वजह से बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा इन दिनों पूर्वांचल के दौरे पर हैं।

शुक्रवार को उन्होंने बलिया में ब्राह्मणों को लुभाने पहुंचे। इस दौरान सतीश चंद्र मिश्रा सबसे पहले विधायक उमाशंकर सिंह के गांव स्थित खाकी बाबा मंदिर पहुंचे। इसके बाद प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में शिरकत किए। इस दौरान उन्होंने ब्राह्मणों का सम्मान लौटाने की बात पर जोर दिया।

सतीश चंद्र मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि बसपा की सरकार बनने के बाद हम ब्राह्मणों का मान-सम्मान फिर से लौटाएंगे। उन्होंने कहा कि बसपा में किसी भी छोटे दल का विलय नहीं होगा और ना किसी के साथ गठबंधन किया जाएगा। बसपा अकेले अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। ज्ञात हो कि बसपा के प्रबुद्धजन सम्मेलन के बाद से यूपी की सियासत तेज हो गई है। बसपा ने २००७ विधानसभा चुनाव के पुराने फॉर्मूले पर लौटते हुए जुलाई से अयोध्या से ब्राह्मणों को साधने के लिए प्रबुद्ध जन सम्मेलन की शुरुआत की थी और इसका सिलसिला अभी जारी है। वहीं इससे पहले मायावती ने भी प्रबुद्धजन सम्मेलन के सहारे ब्राह्मणों का मान सम्मान लौटाने की बात कही थी। इसके अलावा उन्होंने कहा था कि सपा और भाजपा ने ब्राह्मणों को ठगा है, लेकिन अब वह बहकावे में नहीं आएंगे।