घरेलू विवाद में भतीजे ने चाचा को चाकू गोदकर मार डाला

बलिया। दुबहर थाना क्षेत्र के स्थानीय गांव में घरेलू विवाद के कारण भतीजे ने चाचा को चाकू से गोद दिया। घटना के कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। करीब दो घंटे बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बता दें कि चाकूबाजी में हुई हत्या के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक एवं अपर पुलिस अधीक्षक ने घटना स्थल का जायजा लिया।
दुबहड़ गांव निवासी अशोक सिंह (50) पुत्र बटेश्वर राय और उनके भतीजे से किसी बात को लेकर कहासुनी होने लगी। इसी बीच भतीजे ने चाकू से प्रहार कर उन्हें बुरी तरह से घायल कर दिया। खून से लथपथ हो वह आंगन में छटपटाते रहे। लेकिन दहशत के मारे किसी ने उनकी मदद तक नहीं की। करीब दो घंटे के बाद इसकी सूचना दुबहड़ थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र के कानों तक पहुंची। दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंच कर मौका मुआयना किया। साथ ही आंगन में मृत पड़े अशोक सिंह के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी। घटना की जानकारी होते ही पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक एवं अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए। घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि अशोक सिंह की किसी बात को लेकर अपने सगे भतीजे से तू-तू मैं-मैं हुई। इस बात से नाराज़ होकर भतीजा आपा खो बैठा और उसने उन पर चाकू से हमला कर दिया। चाचा अशोक सिंह की शादी नहीं हुई थी। वह अपने हिस्से की जमीन लगभग एक बीघा को जोतने एवं बोने का काम करते थे। स्वयं अपना भोजन बनाते थे और स्वयं पर ही विश्वास किया करते थे। लेकिन पल भर में सब कुछ मटियामेट हो गया। समाचार लिखे जाने तक पुलिस घटना की तहकीकात कर रही है एवं अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। समाचार लिखे जाने तक घटना स्थल पर पुलिस अधीक्षक एवं अन्य अधिकारी जमे हुए हैं।

Please share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!