संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता ने की आत्महत्या





फंदे से लटकता मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

बलिया। बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के केवरा गांव में बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक नवविवाहिता फांसी के फंदे पर लटकी मिली। विवाहिता ने ऐसा कदम क्यों उठाया यह कोई बताने को तैयार नहीं है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
बताया जा रहा है कि सतेंद्र गोंड़ की पत्नी शोभा देवी (24) बुधवार को अपने घर में साड़ी का फंदा बनाकर मौत को गले लगा ली। घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था। मृतका की सास गांव के एक बच्चे के मुंडन संस्कार में गई हुई थी। उसके ससुर सब्जी की दुकान पर थे। पति केवरा बाजार में सब्जी तौलने के काम में गया था।
मृतका के पति ने बताया कि करीब दस बजे के आस-पास बाजार से ही अपनी पत्नी को फोन किया तो उसने फोन काट कर मोबाइल स्विच ऑफ कर दिया। कुछ देर बाद वह घर पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज देने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला, तब दीवाल फांदकर अंदर घुसा तो देखा कि शोभा फंदे से झूली थी। शायद उसमें जान बची हो यह सोचकर उसने उसे फंदे से नीचे उतारा और चिकिसक को बुलाया, लेकिन उसकी मृत्यु हो चुकी थी। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने भी घटना को देखा और इसके बाद घरवालों ने पुलिस को जानकारी दी। घटना के बाबत पुलिस ने मृतका के मायके वालों को घटना की जानकारी दी। इस पर पहुंचे मृतका के पिता तारकेश्वर शाह (निवासी जमालपुर थाना बैरिया) ने अपनी पुत्री की हत्या का आरोप लगाया।
कहा कि बीते वर्ष 15 मई को उनकी पुत्री का विवाह हुआ था। शादी के बाद से ही उसके साथ ससुराल में दुर्व्यवहार किया जाता रहा था। इसकी ससुराल वालों से शिकायत भी की गई थी। इसे लेकर कई बार पंचायत भी हुई। अभी एक माह पूर्व ही मृतका के ससुराल व मायके वालों के बीच विवाद को लेकर पंचायत हुई थी। सुलह समझौता होने के बाद मृतका मायके से ससुराल वापस रहने आई थी। लेकिन अचानक घटी इस घटना ने स्थिति को और गंभीर बना दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।





Please share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!