दो बालक गंगा में डूबे, दो घरों में मातम, शव देख सुधबुध खो बैठे परिजन..

गाजीपुर। शहर के कोयलाघाट के समीप मंगलवार की शाम दो बालकों की गंगा नदी में डूबने से मौत हो गई। वाकया उस समय हुआ जब सायंकाल दोनों गेंद खेल रहे थे। इस बीच उनकी गेंद गंगा नदी में चली गई। उसे निकालने के चक्कर में दोनों गहरे पानी में चले गए। उन्हें कोई बचा पाता, इसके पहले वह लहरों में समा गए। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस एवं गोताखोरों की मदद से शवों को बरामद कर लिया गया है। उधर शव देखते ही परिजन दहाड़े मार कर रोने लगे। दोनों बालकों की मौत से दो घरों में मातम पसरा हुआ है।
सदर कोतवाली के कोयलाघाट निवासी रिशु राय (14) पुत्र गोविंद राय और कान्हा राय (13) पुत्र डॉ रितेश राय खेलते हुए गंगा के किनारे चले गए। इसी बीच उनकी गेंद नदी के पानी में चली गई। गेंद निकालने के लिए दोनों गंगा के पानी में घुसे और गहरे पानी में चले गए। दोनों की डूबने से मौत हो गई।। दोनों घर से एक साथ निकले थे। उनके डूबने की खबर मिलते ही परिजनों के साथ लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तीन घंटे में दोनों के शव को बाहर निकाला। फ़िलहाल घटना से पूरे परिवार मेंं रुदन- क्रंदन जारी है। शहर के कोयला घाट इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। बालकों के माता-पिल का रोते-रोते बुरा हाल है।

Please share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!