शादी समारोह में शामिल होने आई थीं तीन बहनें
बलिया। बहन के घर विवाह में भाग लेने आई बिहार की एक युवती नहाते समय गंगा नदी में डूब गई। घटना गछिया बाबा घाट पर सोमवार की शाम को हुई। सूचना पर पहुंची लालगंज चौकी की पुलिस ने जाल लगाकर शव को खोजने में जुट गई। हालांकि अभी तक युवती का कहीं आता- पता नहीं चला।
धनजी पासवान की शादी की खुशी में दिखा गम
दोकटी थाने के शिवपुर कपूर दियर पंचायत के बिंद बस्ती निवासी धनजी पासवान के छोटे लड़के की शादी है। जिसका 20 अप्रैल को तिलक चढ़ गया है। 24 अप्रैल को शादी होनी है। शादी में भाग लेने के लिए धनजी के पुत्र विशाल पासवान की तीन सालियां कुमारी रानी (20) पुत्री धनलाल पासवान, मधु (14) पुत्री धनलाल एवं चचेरी बहन चंदा (16) पुत्री जगजीवन पासवान बिहार राज्य के डुमरी गांव से आई थी। युवती के डूबने की सूचना मिलते ही घर में शादी की खुशियां गम में तब्दील हो गई।
नाव चलाने वाले मल्लाहों ने दो बहनों को बचाया
बताते चलें कि सोमवार को सायंकाल गंगा स्नान करने गछिया बाबा घाट पर तीनों बहनें गई थीं। वे नहाते समय गंगा के गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। किसी की नजर डूबते हुए लड़कियों पर पड़ी तो हो -हल्ला मचाया। हल्ला सुन वहां नाव चलाने वाले मल्लाह राकेश बिंद, अखिलेश बिंद, प्रभु बिंद बचाने के लिए गंगा में कूद गए। दो बहनें चंदा और मधु को तो बचा लिया। लेकिन रानी को नही बचा पाए। रानी गंगा की धारा में डूब गई। सूचना पर चौकी प्रभारी लालगंज जय प्रकाश अपने सिपाहियो संग पहुंच गोताखोरों की मदद से शव खोजवाने में जुट गए हैं।