पत्नी से झगड़ा करने के बाद उठाया कदम…
गाजीपुर। जंगीपुर नगर पंचायत के वार्ड नंबर तीन अंतर्गत अंबेडकर नगर में किराये के मकान में रहने वाले एक युवक ने शुक्रवार की रात छत की कुंडी में रस्सी के सहारे लटककर अपनी जान दे दी।
शनिवार की सुबह जब उसकी पत्नी ने देखा तो जोर से चिल्लाने लगी। उसकी रोने की आवाज सुनकर आस-पास के लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस वहां पहुंची और लोगों की मदद से शव को नीचे उतरवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जाता है कि बाराचवर थाना क्षेत्र के झोटारी गांव निवासी दीनबंधु बिंद (25) एक साल पूर्व नगर के वार्ड नंबर तीन अंबेडकर नगर में किराए के मकान में पत्नी और दो वर्षीय बच्ची के साथ रहता था। लोगों का कहना है कि दीनबंधु नगर के कृषि मंडी समिति के पास ठेले पर दाना भुजा बेचता था। वह शराब का भी सेवन करता था। जिसे लेकर पत्नी बराबर उसे शराब पीने से मना किया करती थी। शुक्रवार की देर रात दीनबंधु दुकान बंद करके घर आया तो किसी बात को लेकर पत्नी से झगड़ा हुआ।
उसके बाद वह छत पर सोने चला गया। सुबह जब दीनबंधु नहीं जगा तो उसकी पत्नी उसे जगाने छत पर गई। अपने पति को रस्सी से लटकते देख उसके होश उड़ गए, वह चिल्लाने लगी। उसकी आवाज सुनकर आस- पास के लोग भी मौके पर जुट गए। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज कृष्णकांत उपाध्याय ने लोगों की मदद से शव को नीचे उतरवाया। इस संबंध में थानाध्यक्ष अशोक मिश्रा ने बताया कि किसी बात को लेकर रात में पति पत्नी में झगड़ा हुआ था। इससे नाराज होकर उसने यह कदम उठा लिया।