बलिया : शिक्षक ने चचेरे ससुर की गोली मारकर की हत्या

बांसडीह नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि रहे शत्रुघ्न सिंह

बेटी व दामाद के परिवारिक विवाद को सुलझाने गए थे बेल्थरारोड नपं..
बलिया। बिल्थरारोड नगर पंचायत के वार्ड नंबर दस में सोमवार की देर रात अपने चचेरे ससुर एवं बांसडीह नगर पंचायत की पूर्व चेयरमैन रेनू सिंह के प्रतिनिधि रहे शत्रुघ्न सिंह (51) की गोली लगने से मौत हो गई। घटना को अंजाम मृतक के दामाद व पेशे से शिक्षक मनीष सिंह ने दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया है। आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही घटना की तफ्तीश की जा रही है।

उभांव थाना क्षेत्र के बिल्थरारोड नपं अंतर्गत वार्ड नंबर 10 निवासी शिक्षक मनीष सिंह (40) का उनकी पत्नी से काफी दिनों से विवाद चल रहा था। पारिवारिक विवाद को सुलझाने के लिए उनके चचेरे ससुर व उनकी बेटी मनीष के घर पहुंचे थे। इस बीच रात को दोनों तरफ से कहासुनी व विवाद उत्पन्न हो गया। इसके बाद मनीष सिंह ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर चचेरे ससुर शत्रुघन सिंह (51) के पास पहुंच गए। इस बीच जान बचाने के लिए चचेरे ससुर और दामाद के बीच छीना झपटी शुरू हो गई। एक-एक कर तीन फायर हुए। जिसमें दो गोली चचेरे ससुर के सीने और पेट के ऊपरी हिस्से में जा लगी। जबकि तीसरी गोली आरोपी शिक्षक मनीष सिंह के पैर में लगी है। मृतक की पुत्री कोमल की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

बता दें कि नगर पंचायत बांसडीह की पूर्व चेयरमैन रेनू सिंह के भसुर शत्रुघ्न सिंह सोमवार की देर रात पूर्व चेयरमैन नंदलाल सिंह की पुत्री के घर बेल्थरारोड के वार्ड नंबर 10 स्थित आवास पर गए थे। वहीं किसी बात को लेकर आरोपी मनीष सिंह ने अपने लाइसेंसी हथियार से गोली चला दी। जिसमें दो गोली उसके चचेरे ससुर शत्रुघ्न सिंह को लगी और उनकी जिला अस्पताल लाते वक्त मौत हो गई। इस दौरान मनीष के भी पैर में गोली लग गई। वह घायल हो गया। उभांव पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

नगर पंचायत के वार्ड नंबर 10 स्थित पन्नालाल कटरा में अब सन्नाटा पसरा हुआ है।
उभांव इंस्पेक्टर राजीव कुमार मिश्र ने बताया कि हत्या में प्रयुक्त पिस्टल को जब्त कर लिया गया है। घटना स्थल से पुलिस ने कारतूस का तीन खोखा बरामद किया है। शिक्षक के नाम करीब पांच वर्ष पूर्व पिस्टल का लाइसेंस जारी किया गया था। घटना के समय मृतक और मृतक की पुत्री सोनम, शिक्षक मनीष सिंह, उनकी पत्नी और दो अन्य बच्चे एक ही मकान के कमरे में मौजूद थे। अन्य सभी सुरक्षित है। घर में ताला लगा हुआ है और घटना को लेकर मुहल्ले में तरह -तरह की चर्चा व्याप्त है। घटना के पीछे पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद बताया जा रहा है।

चार दिन पूर्व भी पति- पत्नी के बीच मारपीट हुई थी। जिसके कारण मनीष सिंह काफी तनाव में रहता था। इस कारण परिजन अब मनीष सिंह को मानसिक विक्षिप्त तक बता रहे हैं। उसका इलाज भी चल रहा था। मनीष सिंह के ससुर नहीं है। जिस कारण घटना के एक दिन पूर्व बांसडीह निवासी उसके चचेरे ससुर शत्रुधन सिंह पारिवारिक वार्ता करने यहां आएं थे। घटना के वक्त शत्रुधन सिंह की पुत्री सोनम कुमार और मनीष सिंह की पत्नी मौजूद थीं।

विवाद सायंकाल शांत होने के बाद सभी सोने चले गए थे। आधी रात के आस-पास मनीष सिंह अचानक अपना पिस्टल निकाल लिया। जिसका उनकी पत्नी ने विरोध किया, लेकिन वह नहीं मना। आरोपी अनुकंपा पर इंटर कालेज वंशीबाजार में शिक्षक बताया जा रहा है।

Please share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!