घरेलू विवाद : सगे चाचा की हत्या करने वाला भतीजा 24 घंटे में गिरफ्तार

एसपी के निर्देश पर सीओ नगर के नेतृत्व में टीम ने हत्यारोपी को दबिश देकर पकड़ा
बलिया। दुबहड़ गांव में घरेलू विवाद को लेकर एक भतीजे ने अपने सगे चाचा की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर ही हत्यारोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उधर चाचा की हत्या के बाद घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे पुलिस कप्तान ने आरोपी को तत्काल गिरफ्तार करने का निर्देश दिया था इतना ही नहीं इसके लिए अपर पुलिस अधीक्षक एवं सीओ नगर के नेतृत्व में कई टीमें भी गठित की गई थी।
बता दें कि रविवार को दुबहड़ निवासी अशोक सिंह (52) पुत्र बटेश्वर राय और उनके भतीजे से किसी बात को लेकर कहासुनी होने लगी थी। इसी बीच भतीजे ने चाकू से प्रहार कर उन्हें बुरी तरह से जख्मी कर दिया। खून से लथपथ वह आंगन में छटपटाते रहे। लेकिन दहशत के मारे किसी ने उनकी मदद तक नहीं की थी। करीब दो घंटे के बाद इसकी सूचना दुबहड़ थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र को मिली। दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे थे और आंगन में मृत पड़े अशोक सिंह के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी। घटना की जानकारी होते ही पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक एवं अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए। लोगों ने पुलिस को बताया कि अशोक सिंह की किसी बात को लेकर अपने सगे भतीजे से तू-तू मैं-मैं हो रही थी। इस बात से नाराज़ भतीजा आपा खो बैठा और उसने चाकू से हमला कर चाचा को मौत के घाट उतार दिया। बता दें कि अशोक सिंह की शादी नहीं हुई थी। वह अपने हिस्से की जमीन लगभग एक बीघा को जोतने एवं बोने का काम करते थे। स्वयं अपना भोजन बनाते थे और स्वयं पर ही विश्वास करते थे। लेकिन पल भर में सबकुछ मटियामेट हो गया।

दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देने के बाद फरार चल रहे हत्यारोपी भतीजे को पुलिस ने चाकू के साथ 24 घण्टे के अंदर गिरफ्तार कर लिया। क़त्ल के पीछे घरेलू विवाद का होना बताया जा रहा है। एसपी राजकरन नय्यर ने अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए कड़े निर्देश दिए थे। टीमें भी गठित की गई थी। उक्त आदेश के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गा प्रसाद तिवारी की देखरेख में टीमों का गठन कर क्षेत्राधिकारी नगर प्रीती त्रिपाठी एवं दुबहड़ थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र द्वारा तत्परता पूर्वक दबिश देकर वांछित अभियुक्त प्रीतम सिंह पुत्र ह्रदयानन्द सिंह निवासी ग्राम दुबहड़ थाना दुबहड़ को सोमवार को रविदास जी के मूर्ति दुबहड़ SBI के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही पूर्ण करते हुए न्यायालय से जेल भेज दिया गया है ।

Please share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!