बलिया। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के तत्वावधान में “शोषित- वंचित जागरण” महारैली का आयोजन तीन मार्च को सिकंदरपुर तहसील क्षेत्र के चेतन किशोर के मैदान में होने जा रहा है। उक्त जानकारी एक पत्रकारवार्ता के दौरान राष्ट्रीय सचिव सुभासपा शेख अहमद अली ‘संजय भाई’ ने देते हुए बताया कि आज यह पूरा देश जानता है कि गरीबों, शोषितों, मजदूरों तथा किसानों की आवाज बुलंद करने वाला सिर्फ एक ही नेता है ओमप्रकाश राजभर। बताया कि महारैली में लोकसभा सलेमपुर से हजारों की संख्या में पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता पहुंचेंगे। पार्टी के प्रदेश प्रमुख महासचिव एवं लोकसभा सलेमपुर तथा महाराजगंज के प्रभारी रजनीश श्रीवास्तव ने बताया कि आज के राजनीतिक परिवेश में पूरे देश में शोषित एवं वंचित समाज की बात सड़क से सदन तक पूरे बेबाकी से मुखर होकर अगर कोई करने वाला है तो वह ओमप्रकाश राजभर है। सड़क से सदन तक शोषित एवं वंचित समाज की लड़ाई लड़ने का काम हमेशा श्री राजभर ने किया हैं। निश्चित रूप से आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी अपने सहयोगी दल के साथ परचम लहराएगी। बताया कि तीन मार्च को चेतन किशोर के मैदान में राष्ट्रीय अध्यक्ष शोषित वंचित जागरण महारैली को संबोधित करेंगे। प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी, नजरूलबारी, मनोहर आदि मौजूद रहे।