वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के नवलपुर बसहीं में अवैध हुक्काबार पुलिस के संरक्षण में फल-फूल रहा था। मंगलवार को सायंकाल बार संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिवार वालों ने बताया कि बार को संचालित करने के लिए प्रति माह पुलिस चौकी को ₹5000 रिश्वत जाता था। यह बात उच्चाधिकारियों के संज्ञान में आते ही पुलिस कर्मियों के हाथ -पांव कांप रहे हैं। हत्याकांड की जांच शुरू कर दी गई है।
शहर के चांदमारी स्थित हुक्काबार में मंगलवार को दो युवक एवं एक युवती पहुंचे थे। उनके पास असलहा भी मौजूद था। किसी बात के विवाद में एक युवक ने बार संचालक 26 वर्षीय अजय कुमार गुप्ता के सिर में गोली मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही बार संचालक के पिता की तहरीर एक युवती सहित तीन लोगों पर हत्या एवं हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस की माने तो मृतक अजय के पिता भरतलाल मुंबई में ऑटो चलाते थे। लॉकडाउन के दौरान वह घर वापस लौट आए। उनके दोनों पुत्र अक्षय और अजय छोटा- मोटा काम कर घर गृहस्थी चलाते थे। इसी बीच अजय जमीन के कारोबार मे लग गया।साथ ही घर पर अवैध हुक्काबार खोल कर चला रहा था। इसके लिए पुलिस ने हरी झंडी दी थी और हर माह ₹5000 रिश्वत के तौर पर लेती थी। यह राज संचालक की हत्या के बाद सामने आया है। पुलिस अधिकारी मामले की छानबीन में जुटे हैं। अवैध हुक्काबार के धंधे में लिप्त पुलिसकर्मियों पर गाज गिरनी तय मानी जा रही है।