वाकई ! शिक्षक- कर्मचारियों का बाइक जुलूस ऐतिहासिक रहा, घंटों शहर की रफ्तार रुकी रही, जिला मुख्यालय पर चहुओर जाम ही जाम..

प्रदेश व्यापी आह्वान पर 21 सूत्री मांगों को लेकर शिक्षक- कर्मचारियों ने दिखाई ताकत..

एक साथ हजारों बाइकों को देख प्रशासन के छूटे पसीने, यातायात सुचारु करने में जुटी ट्रैफिक पुलिस..
बलिया।
उत्तर प्रदेशीय शिक्षक संघ/ अधिकार मंच के जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ हजारों की संख्या में शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों ने विभिन्न ब्लाकों से बाइक जुलूस निकालकर दोपहर 12:00 बजे तक नगर में प्रवेश किया। कई ब्लॉकों से बाइक जुलूस के 11:00 बजे से पहले ही जिला मुख्यालय पहुंच गया था। शिक्षक कर्मचारी की संख्या हजारों में थी। इससे शहर की विभिन्न सड़कें जाम हो गईं। यातायात पुलिस को सड़कों पर संचालन दुरुस्त करने में पसीने छूटते रहे। बाइक रैली में शामिल पदाधिकारी, शिक्षक व कर्मचारी पुरानी पेंशन सहित अपनी 21 सूत्री मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद कर रहे थे।

जिले के 16 ब्लाकों एवं नगर क्षेत्र से बाइक रैली पहले रामलीला मैदान पहुंची। इस दौरान चित्तू पांडे चौहरा- रेलवे स्टेशन रोड, मालगोदाम रोड, एलआईसी रोड, कचहरी रोड, टाउन हाल (बापू भवन) रोड पूरी तरह घंटों जाम रहा। उधर कदम चौराहे से लेकर भृगुआश्रम, सतीश चंद्र चौराहा मार्ग पर केवल बाइकों की कतार दिखाई दे रही थी। प्रत्येक ब्लॉकों से शिक्षक संगठन के साथ कर्मचारी संगठन, शिक्षक, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों का जुलूस अपनी मांगों के लेकर जिला मुख्यालय बहुत कठिनाई से पहुंचा पहुंचा। क्योंकि टूटी एवं गड्ढायुक्त राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अन्य सड़कों से होकर जिला मुख्यालय तक की दूरी तय करना कष्टकारी था।

कदम- कदम पर गड्ढे थे। वह भी बारिश के पानी से पटे थे। शहर में भी सतीश चंद चौराहा, मिड्ढी से लेकर रेलवे क्रॉसिंग तक गड़हा मोहल्ला और चित्तू पांडे चौराहे से लेकर माल्देपुर मोड़ तक हर सड़कों पर पानी और गड्ढे ही गड्ढे थे। आज शिक्षकों और कर्मचारियों पर इंद्रदेव जरूर मेहरबान थे। ज्यादातर सड़कों की दशा खराब होने के बाद भी बाइक जुलूस निकाल रहे शिक्षकों एवं कर्मचारियों का हौसला देखने लायक था। हिम्मत और हौसले के बदौलत जिला मुख्यालय पहुंचे हजारों शिक्षक एक स्वर में प्रदेश सरकार से अपनी मांगों को पूरा करने के लिए आवाज बुलंद कर रहे थे। ऐसा न करने पर आर-पार की लड़ाई लड़ने की भी चेतावनी दी जा रही थी। शिक्षक संगठनों ने कहा “अभी तो यह अंगड़ाई है आगे बहुत लड़ाई है” अगर हमारी मांगें तत्काल पूरी नहीं की जाएंगी त़ो सरकार के खिलाफ अगली लड़ाई और व्यापक रूप लेगी।

अधिकारी एवं पेंशनर्स अधिकार मंच उत्तर प्रदेश के प्रदेश व्यापी आह्वान पर अधिकार मंच के जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह के साथ ही रैली में मंच के महासचिव वेद प्रकाश पांडेय, कर्मचारी शिक्षक अधिकारी एवं पेंशनर्स अधिकार मंच बलिया के संरक्षक एवं राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष सत्या सिंह, प्रधान महासचिव एवं कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अनिल गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं विश्वविद्यालय, महाविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष अवनीश पांडेय, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के पूर्वांचल प्रभारी बृजेश सिंह एवं मंडल अध्यक्ष आजमगढ़ सुशील कुमार त्रिपाठी, सीनियर बेसिक शिक्षक संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष सुशील पाण्डेय कान्ह जी,कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ के मंत्री बृजबिहारी सिंह, पीडब्ल्यूडी विभाग के दिनेश प्रसाद ,जनार्दन यादव दिनेश प्रजाति तथा प्राथमिक शिक्षक संघ के अजय मिश्रा आदि शामिल रहे।

Please share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!