सारण। रक्षाबंधन में अपने ननिहाल आए मासूम की घर के बाहर पानी निकासी के लिए बने सोख्ता में डूबने से मौत हो गई। घटना बनियापुर थाना क्षेत्र के एनएच ३३३ स्थित चेतन छपरा गांव का है। सोमवार को दोपहर बाद जब बच्चे की खोजबीन शुरू हुई तो उसके चप्पल को देख सोख्ता में उसकी तलाश की गई। उसे जबतक निकाला जाता उसके प्राण-पखेरू उड़ चुके थे। मृत बालक का नाम पीयूष कुमार-०७ बताया जाता है।

अमनौर थाना क्षेत्र के नौतन गांव निवासी सुमित तिवारी का बेटा पीयूष कुमार अपनी माँ बिंदु देवी के साथ रक्षाबंधन में नाना जितेंद्र पाठक के घर आया था। घटना से पहले वह घर के पास खेल रहा था। तभी खेलते समय पैर फिसलने से वह सोख्ता के लिए बने गड्ढ़े में चला गया और काफी देर तक जब बच्चा दिखाई नहीं दिया, तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। इसके बाद उसके पैर का चप्पल दिखाई दिया। तब जाकर ग्रामीणों की नजर सोख्ता पर पड़ी। इसके बाद बालक को गड्ढे से मृत अवस्था में निकाला गया। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। एक साथ ननिहाल एवं मृतक के घर पर रूदन-क्रंदन जारी है। मासूम की मौत से पूरे इलाके में भी मातमी सन्नाटा पसर गया है। नाना, नानी एवं माँ सहित सभी परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। लोग परिजनों को ढांढस बंधाने में लगे है। घटना की खबर मिलते ही सैकड़ों लोग घटना स्थल पर पहुंंच गए।
रिपोर्ट: सत्येंद्र नारायण सिंह..
000000
विद्युत करेंट से घर का एकलौता चिराग बुझा,
सारण। मढ़ौरा प्रखंड के ओल्हनपुर सतिवारा निवासी कृष्णा राय के इकलौते पुत्र विशाल कुमार की विद्युत करेंट की चपेट में आने से मौत हो गई। १५ वर्षीय विशाल काफी हंसमुख और पढ़ाई में अव्वल था। वह किसी काम के लिए खेत में गया था, जहां बिजली की चपेट में आ गया, उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। बाद में ग्रामीण इस किशोर के शव को लेकर दरवाजे पर पहुंचे, जहाँ बच्चे का शव देखते ही परिजन दहाड़े मारकर रोने लगे। उनकी चीत्कार सुनकर पूरा गांव गम में डूब गया। मृतक की मां प्रतिमा देवी का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। गांव की महिलाएं उन्हें समझाने में लगी हैं। मृतक तीन बहनों के बीच एकलौता भाई था। वह कक्षा आठवीं का छात्र था। सोमवार की सुबह टूयूशन पढ़कर घर आया। इसके बाद वह खेत जाने की बात कहकर निकल गया और कुछ देर बाद वह नहीं उसका शव घर आया।
रिपोर्ट: सत्येंद्र नारायण सिंह..