अरे वाह… पूर्व मंत्री की छठी निकाह!

लखनऊ/आगरा। यूपी सरकार में कभी मंत्री रहे चौधरी बशीर छठवीं बार निकाह करने जा रहे है। इसकी शिकायत लेकर उनकी बीवी थाने पहुंचीं और मामला दर्ज कराया। पीड़िता ने बताया कि वह तीन साल से मायके में रह रही है। उन्हें तीन तलाक बोलकर घर से निकाल दिया गया था। पुलिस ने विवेचना के बाद कार्रवाई की बात कही है। 
आगरा के ताजगंज की गोबर चौकी निवासी नगमा ने पुलिस को बताया कि उनका निकाह 11 नवंबर 2012 को मंटोला के ढोलीखार मोहल्ला निवासी पूर्व मंत्री चौधरी बशीर के साथ हुआ था। उनके दो बेटे एक आठ साल तो दूसरा सात साल का है। वह तीन साल से मायके में रह रही हैं।
आरोप है कि निकाह के बाद से ही पति और ससुराल वाले मानसिक और शारीरिक रूप से उत्पीड़न करने लगे थे। उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की जाती थी। इस पर दो मुकदमे दर्ज कराए गए थे। उन्हें परिचितों के माध्यम से पता चला कि चौधरी बशीर निकाह करने वाले हैं। इसके बाद वह पता करने ससुराल गई थीं। पति से बात की। मगर पति ने गाली देना शुरू कर दिया। इसके बाद उन्हें तीन तलाक बोलकर घर से भगा दिया।
पीड़िता की थाना मंटोला में शिकायत करने पर सुनवाई नहीं हुई। इस पर एसएसपी आफिस में शिकायती प्रार्थना पत्र दिया। एसएसपी के आदेश पर पूर्व मंत्री के खिलाफ तीन तलाक का मुकदमा दर्ज किया गया। सीओ छत्ता दीक्षा सिंह का कहना है कि विवेचना के बाद कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि पति-पत्नी के बीच पूर्व में झगड़ा हो चुका है। एक वीडियो भी पत्नी का सामने आया है। यह सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वो पति पर उत्पीड़न का आरोप लगा रही हैं। इसकी जांच की जाएगी।

Please share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!