प्रदेश की राजधानी में *आप* ने मचाई सियासी खलबली
लखनऊ/बलिया। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह के नेतृत्व में शविार को लखनऊ में तिरंगा यात्रा निकालकर पार्टी ने शक्ति प्रदर्शन कर अन्य दलों को सोचने पर मजबूर कर दिया। तिरंगा यात्रा के बाद प्रदेश की राजधानी में सियासी खलबली मची हुई है।

इस रैली में पूरे प्रदेश से वरिष्ठ नेता एवं चुनिंदे कार्यकर्ता ही बुलाए गए थे। यात्रा को सकुशल आगे बढ़ाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था में लगाए गए प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के पसीने छुटते रहे। शनिवार को सुबह से आप कार्यकर्ता गोमती नगर कार्यालय पहुंचने लगे थे। धीरे-धीरे दिन चढ़ता गया और नेता एवं कार्यकर्ताओं की भीड़ बढ़ती गई।

इसके बाद गोमती नगर से तिरंगा यात्रा की शुरूआत की गई। इस यात्रा के कारण शहीद पार्क तक की सड़क पर जाम लगा रहा। यात्रा में शामिल होने बागी बलिया की धरती से दर्जनों कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे अजय राय मुन्ना ने प्रदेश अध्यक्ष से अकेले में मुलाकात की। अजय राय मुन्ना व प्रदेश अध्यक्ष की गुफ्तगू काफी चर्चा में रही। तिरंगा यात्रा के बाद पार्टी कार्यालय पर हुई बात के बाद बलिया में आप का जनाधार बढ़ाने के साथ ही आगामी विस चुनाव में ब्लाकवार एवं बूथवार कमेटी के गठन की जिम्मेदारी दी गई।

इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह, आप महिला की प्रदेश सचिव उषा राय, वरिष्ठ नेता अजय राय मुन्ना, महिला जिलाध्यक्ष निभा पांडेय, डा. सोना सिंह, विक्रम अंबेडकर एवं अनुसूचित प्रकोष्ठ समेत प्रदेश कार्यकारणी एवं सभी जनपदों के पदाधिकारी मौजूद रहे।