हमने वन जिला वन प्रोडक्ट पर काम किया, सपा ने वन जिला वन माफिया पैदा किया : बृजेश पाठक






विजय संकल्प नामांकन सभा को संबोधित करते डिप्टी सीएम ने इंडिया गठबंधन पर बोला हमला

बलिया। इंटर कॉलेज सुखपुरा में बुधवार को आयोजित विजय संकल्प नामांकन सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि यह चुनाव भारत माता को डायन कहने वालों और भारत माता की जय कहने वालों के बीच है। यह चुनाव कारसेवकों पर गोली चलाने वालों और राम मंदिर बनाने वालों के बीच है। आप किसे चुनना चाहेंगे ? कहा कि हम वन जिला वन प्रोडक्ट पर काम कर रहे हैं, वहीं सपा ने अपने शासनकाल में वन जिला वन माफिया पैदा किया।
2004 से 2014 तक की संयुक्त मोर्चा सरकार का जिक्र करते हुए कहा कि उस सरकार ने भ्रष्टाचार के सारे पैमाने तोड़ दिए थे ,हद तो तब हो गई जब जिस पार्टी की सरकार थी उसी पार्टी के मंत्री भ्रष्टाचार के आरोप में जेल में थे। 2014 में जब मोदी की सरकार बनी तो विदेशों का दौरा करके दुनिया को भारत के वास्तविक ताकत का एहसास कराया ।

उन्होंने भारत सरकार और प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि हम भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की तरफ बढ़ रहे हैं, तो विपक्ष इसमें तरह-तरह का अड़ंगा पैदा करने का प्रयास कर रहा है। प्रदेश सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री और सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि उत्तर प्रदेश की 80 सीट जीतने की जिम्मेदारी मोदी जी और योगी जी ने हम लोगों को दी है और उस पर हम लोगों को खरा उतरना है। आप सभी इसके लिए एनडीए के घटक दल सुभासपा, निषाद पार्टी, अपना दल और भाजपा के कार्यकर्ता संयुक्त रूप से प्रभात फेरी निकाले और तीसरी बार मोदी सरकार बनाने में सहभागी बने।
प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि हम लोग भारत को महान राष्ट्र बनाना चाहते हैं, तो विपक्ष का एक ही एजेंडा है कि मोदी को किसी तरह रोकना है। ताकि उनके परिवार की राजनीतिक व आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हो सके। आज चारा, शराब और जमीन घोटालेबाज परेशान हैं। तीसरी बार मोदी की सरकार आएगी तो देश के लोगों की संपत्ति लूटने वाले जेल में होंगे।

प्रदेश सरकार की ग्राम विकास राज्य मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम ने कहा कि हिंदू-मुसलमान और अगला-पिछला किये बिना आप तीसरी बार मोदी की सरकार बनाएं सलेमपुर से लेकर देश तक हैट्रिक लगाने का कार्य करें।सभा को सांसद रविंद्र कुशवाहा, विधायक केतकी सिंह, पूर्व विधायक भगवान पाठक, राजधारी, विधायक हंसु राम, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष विनोद शंकर दुबे, पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी, देवरिया जिला भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह आदि ने संबोधित किया। इस मौके पर धनंजय कनौजिया, नकुल चौबे, प्रमोद सिंह बुचू , बलराम उपाध्याय, अश्विनी सिंह, अपना दल के राकेश पटेल, निषाद पार्टी शिव नारायण आदि मौजूद रहे।अध्यक्षता भाजपा के जिला अध्यक्ष संजय यादव व संचालन प्रदीप सिंह ने किया।





Please share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!