मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला आरक्षियों ने नारी सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति किया जागरूक
गाजीपुर। वाह! जनपद की महिला आरक्षियों ने सराहनीय कदम उठाते हुए नारी शक्ति को ऊर्जान्वित करने का काम किया। रविवार को सभी थाना क्षेत्रों में नारी सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया गया। इसके लिए महिला पुलिस कर्मियों ने बीटवार जागरूकता का अभियान चलाया। भारत सरकार द्वारा महिलाओं के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं से नारी शक्ति को परिचित भी कराया।

पुलिस अधीक्षक डा. ओमप्रकाश सिंह के संरक्षण में महिला सशक्तिकरण की दिशा में जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान प्रदान करने का काम किया जाएगा। जिससे महिलाओं में विश्वास का वातावरण कायम होगा। जिले के सभी महिला पुलिस कर्मियों ने अपने-अपने बीट में जाकर महिलाओं की समस्याओं को सुना, समझा तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक टिप्स भी दिए।

महिलाओं के सम्मान में भारत सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं एवं निर्धारित हेल्पलाइन १०९० -वूमेन पावर लाइन, १८१- महिला हेल्पलाइन, १०८-एंबुलेंस सेवा , १०७६-मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, ११२- पुलिस आपातकालीन सेवा , १०९८ -चाइल्ड हेल्पलाइन, १०२ -स्वास्थ्य सेवा की उपयोगिता के बारे में ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं और लड़कियों को बताया गया।