गाजीपुर। सीएम योगी ने गाजीपुर में बाढ़ प्रभावित इलाकों का शुक्रवार को हवाई सर्वेक्षण किया। इसके पूर्व एशिया के सबसे बड़े गांव गाजीपुर जिले के गहमर में प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने बाढ़ प्रभावित १८२ परिवारों में राहत साामग्री का वितरण किया।

गहमर इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में सबसे ज्यादा बाढ़ प्रभावित चार तहसील सेवराई १५०, सदर १०, मुहम्मदाबाद ५ और जमानिया में १७ लोगों में राहत सामग्री का वितरण किया। कार्यक्रम के बाद सीएम योगी ने जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ बैठक भी की। सीएम योगी ने मीडिया को बताया कि २४ जनपदों के ६२० गांवों में बाढ़ का असर है।

हरियाणा, राजस्थान, मध्यप्रदेश से अतिरिक्त जल छोडऩे से ये हालत हुई है। मैं लगातार बाढ़ प्रभावित जनपदों का निरीक्षण कर रहा हूं। मैं बाढ़ के मद्देनजर राहत एवं बचाव कार्य की समीक्षा कर रहा हूं। ग़ाज़ीपुर में ३२ ग्राम पंचायतों में बाढ़ का असर है। ज्यादा से ज्यादा राहत सामग्री वितरित किये जाने की आवश्यकता है। राहत सामग्री समय पर वितरित की जानी चाहिए।

जन प्रतिनिधि सभी बाढ़ पीडि़तों से मिल कर उनकी समस्याएं दूर करें। बाढ़ के मद्देनजर युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक सुनीता सिंह, एमएलसी चंचल सिंह, विधायक डा. संगीता बलवंत, विधायक अलका राय, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, किसान मोर्चा के प्रदेश कोषाध्यक्ष डा. विजय यादव, जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह, पप्पू सिंह, प्रवीण सिंह, शशिकांत शर्मा, प्रदीप पाठक आदि लोग मौजूद रहे।
