लखनऊ/बलिया। पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को अब्बाजान कहते ही योगी पर भड़के सपा मुखिया अखिलेश यादव ने पलटवार करते हुए शनिवार को पार्टी कार्यालय पर पत्रकार वार्ता की। कहा कि भाजपा के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भाषा पर नियंत्रण रखना चाहिए। हमारी उनकी किसी मुद्दे पर बहस हो सकती है, लेकिन अगर हमारे पिताजी के बारे में कुछ कह रहे हैं, तो तैयार रहना आपके पिताजी को भी कुछ कह सकता हूँ। इसलिए मुख्यमंत्री अपनी भाषा पर नियंत्रण रखें।

अखिलेश यादव ने शनिवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी के राज में किसान बहुत परेशान हैं, और पार्टी ने अपने संकल्प पत्र में 2022 तक किसानों की आय दुगुनी करने का वादा किया था। अब किसान पूछ रहे हैं कि उनकी आय दुगुनी कब होगी। अखिलेश ने कहा कि किसान देश के लिए अन्न उगाता है और विकास के लिए अपनी जमीन भी देता है, पर सरकार उसे ठीक तरह से मुआवजा नहीं दे रही है। यह अत्यंत ही दु:ख की बात है। केंद्र और राज्य सरकार दोनों जगह भाजपा की सरकार होने के बावजूद भी किसान सबसे ज्यादा परेशान हैं। उन्होंने लखनऊ में आयोजित किए जा रहे जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लाक प्रमुखों के सम्मेलन पर कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष का सम्मान समारोह इन लोगों का सम्मान है, जो बहनों के कपड़े फाड़ रहे थे। इन लोगों ने महिलाओं को अपमानित किया और रुपये के दम पर चुनाव जीते हैं। अखिलेश ने कहा कि सपा आगामी उप्र विधानसभा चुनाव में 400 सीटें जीतने की तैयारी कर रही है। कहा कि जनता में भाजपा के प्रति भारी गुस्सा है और चुनाव के बाद भाजपा की पराजय सुनिश्चित है। पंचायत चुनाव तो जिला अधिकारी और पुलिस अधीक्षक की मदद से तथा पैसे के दम पर जिताया गया है। कहा कि प्रदेश में इन दिनों दलित, पिछड़ों और मुसलमानों को जेल भेजा जा रहा है। इसके लिए कौन जिम्मेदार है, यह सभी को पता है।