अचानक पैर फिसलने से गहरे पानी में चला गया रवि
बलिया। मछली मार रहा एक युवक तालाब में पैर फिसलने से डूब गया। घटना के बाद जबतक लोग उसे बचाते उसके प्राण पखेरू उड़ गए। बता दें कि रसड़ा नगरपालिका अंतर्गत गांधी पार्क स्थित पोखरे में शुक्रवार को मछली मारते वक्त गहरे पानी में चले जाने से एक युवक की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव का पंचायतनामा कर परिजनों को सौंप दिया।
रसड़ा नगर पालिका क्षेत्र के मल्लाह टोली निवासी रवि साहनी (21) पुत्र जितेंद्र साहनी शुक्रवार को सरोवर में मछली मार रहा था, तभी उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। आस-पास के लोगों ने युवक को बाहर निकाल कर सीएचसी रसड़ा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। यह खबर जैसे ही युवक के घर पहुंची कोहराम मच गया।