मनियर/बलिया। एक पखवारा पहले पिता ने दुनिया छोड़ दी।इसके 16वीं का कार्यक्रम होना बाकी था, इसी बीच पुत्र ने भी दम तोड़ दिया। परिवार पर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में मातमी सन्नाटा छाया हुआ है तथा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। युवा पुत्र की मौत का सदमा परिजन नहीं बर्दाश्त कर पा रहा है।

बता दें कि पिता की सोलहवीं से ठीक एक दिन पहले शुक्रवार को पुत्र की भी अर्थी उठी। मामला मनियर कस्बे के वार्ड नंबर नौ कोठी मुहल्ला का है। यहां के रहने वाले सुदामा राजभर (70) का निधन विगत 17 सितंबर 2021 को हो गया था। दो अक्टूबर को उनकी सोलहवीं थी। दाह संस्कार उनका इकलौता पुत्र गामा राजभर (45) ने किया था।

गामा की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उन्हें जनपद मऊ इलाज के लिए लेकर चले गए, जहां इलाज चल रहा था ।बताया जा रहा है कि इलाज के दौरान गामा राजभर की मौत हो गई। परिजन के अनुसार गामा का प्लेटनेट डाउन हो गया था। गामा के बड़े पुत्र चंदन ने शुक्रवार की रात में पिता को मुखाग्नि दिया। गामा के तीन पुत्र चंदन (21), सोनू (18) तथा मुन्ना (16) है। एक बेटी आरती (23) है, जिनकी शादी तय थी । छ:माह पूर्व गामा की मां समरजिया का निधन हो गया था। एक साल के अंदर इस घर से तीन अर्थियां निकली। जिससे यह पूरा परिवार सदमे में आ गया है।एवं बुरी तरह से टूट गया है।