बलिया। अहा ! बहुत अच्छा, अब खालीपन खत्म हुआ, लंबे समय से बैठे-बैठे बोर हो गए थे। विधानसभा चुनाव से पहले अब मिली जिम्मेदारी को बखूबी निभाने का समय आ गया है..। इसके लिए संगठन से लेकर प्रदेश के कद्दावर नेता भी सक्रिय हैं और अपने कार्य क्षेत्र में नेताओं के कंधे पर जिम्मेदारी का बोझ डालने के साथ ही कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने में जुटे हैं। इसके तहत ही भाजपा के प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता का जनपद में दो दिवसीय आगमन हुआ था। उन्होंने जनपद के करीब 300 भाजपा नेताओं को सेक्टर प्रभारी बनाने का काम किया है।
प्रदेश महामंत्री ने जनपद के सभी विधानसभाओं में सेक्टरवार नेताओं की नियुक्ति की है। सभी को अपने-अपने सेकटर में कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के साथ ही बूथों का सत्यापन भी करना होगा। इतना ही नहीं नये सदस्यों को जोडऩे और निष्क्रिय एवं पार्टी बदल चुके लोगों को ब्लैकलिस्टेड करना होगा। भाजपा के प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता ने बलिया नगर विधानसभा के नेताओं/कार्यकर्ताओं की बैठक पार्क इन होटल में ली गई। जबकि बांसडीह विधानसभा क्षेत्र के नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं की बैठक बांसडीह में।
उधर बुधवार की शाम प्रदेश महामंत्री के आगमन पर जिले में उनका जोरदार स्वागत किया गया। भाजपा के जिलाध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारियों ने फूल-माला एवं अंगवस्त्र से उनको सम्मानित किया।