सरयू नदी में सिक्का डालने की बात कह कार रूकवाई और लगा दी छलांग, पत्नी व बच्चे देखते रह गए..


-गोताखोरों के साथ पुलिस शव की तलाश में जुटी, युवक का पिता व भाई से चल रहा था अनबन..
मऊ। घरेलू विवाद से तनावग्रस्त जीवन जी रहे एक युवक ने गुरुवार को सरयू नदी में पुल से छलांग लगा दी। वाकया उस समय हुआ जब वह अपने ससुराल से पत्नी और बच्चों के साथ घर लौट रहा था। युवक ने दोहरीघाट पुल के पास पत्नी से एक सिक्का नदी में डालने के लिए मांगा। कार रूकवाई। इसके बाद पुल से छलांग लगा दी। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक उसका कहीं पता नहीं चला।

गुरुवार को तड़के महाराजगंज निवासी रविशंकर मद्धेशिया अपनी पत्नी व दो बच्चों के साथ कार से घर लौट रहा था। वह जैसे ही दोहरीघाट (बड़हलगंज) पुल के पास पहुंचा, बिल्कुल शांत हो गया। इसके बाद नदी में छलांग लगा दिया। इसकी सूचना मिलते ही पूरे कस्बे में सनसनी फैल गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव की तलाश में जुट गई है। युवक की पहचान रविशंकर मद्धेशिया (32) पुत्र घरभरन निवासी लक्ष्मीपुर थाना पुरंदरपुर जिला महाराजगंज के रूप में हुई।
महाराजगंज कस्बे के मुहल्ला खटिकटोला निवासी विजय मद्धेशिया की पुत्री उषा से रविशंकर की शादी दस साल पहले हुई थी। एक हफ्ते पहले उषा अपने पति संग मायके आई थी। रविशंकर का पिता व भाई से काम को लेकर आपसी तकरार चल रही थी। इसी वजह से पत्नी बच्चों संग रविशंकर ससुराल में रहा रहा था। गुरुवार को तड़के पत्नी उषा व दोनों बच्चों संग रविशंकर अपने घर जा रहा था। घर पहुंचने के लिए गोरखपुर जा रही एक निजी कार में सभी सवार हो गए। कार जैसे ही दोहरीघाट- बड़हलगंज पुल पर पहुंची, रविशंकर ने पत्नी से नदी में सिक्का डालने की बात कह कार को रुकवा दिया और पत्नी के हाथ से सिक्का लेकर नदी में फेंकने चला गया। लेकिन एकाएक उसने नदी में छलांग लगा दी। इसे देख पत्नी उषा के होश उड़ गए। वह दहाड़े मारकर रोने- बिलखने लगी। पति के शव की तलाश के लिए नाविकों व गोताखोरों को गुहार लगाया गया। इसी बीच पहुंची पुलिस नदी से युवक की तलाश में जुट गई है।दस साल पहले उषा व रविशंकर की शादी हुई थी। दोनों की एक पुत्री ऐंजल (06) एवं बेटा रुद्र (04) है। परिवार वालों का रो-रो का बुरा हाल है। इस मामले में थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने कहा कि सूचना मिली है, शव को निकालने के लिए नाविकों व गोताखोरों को लगाया गया है।

Please share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!