बिल्थरारोड। उभांव थाना पुलिस के साथ स्पार्की कंपनी के दिल्ली के अधिकारियों ने गुरुवार को क्षेत्र के विभिन्न दुकानों पर छापमारी की। इस दौरान दो प्रतिष्ठित रेडिमेड दुकानों से स्पार्की कंपनी का नकली जींस पैंट बरामद किया गया। जिनके खिलाफ देर शाम उभांव थाना में नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। जिससे नगर के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। दिल्ली से पहुंचे स्पार्की कंपनी के क्वालिटी इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र ने गुरुवार को उभांव पुलिस के साथ नगर के बस स्टेशन गली में छापामारी की। इस दौरान तौसीफ गारमेंटस एवं मां दुर्गा कलेक्शन नाम से संचालित दो जींस दुकान से स्पार्की का नकली जींस बरामद किया गया। तौसीफ गारमेंटस के गोदाम पर भी छापामारी की गई। जहां से करीब 73 जींस जब्त किए गए। हालांकि इस दौरान दुकान संचालक गोदाम छोड़ फरार हो गया। जिसे बाद में पकड़ा गया। जबकि मां दुर्गा कलेशन नामक दुकान से 11 नकली जींस बरामद किया गया।