बलिया। *बेनाम सा ये दर्द ठहर क्यों नहीं जाता, जो मंजर दिख रहा है, वह गुजर क्यों नहीं जाता…।* वर्तमान में बाढ़ पीडि़तों की नींद बेबसी, लाचारी और दर्द के विस्तर पर ही आ रही है। आलम यह है कि इनके दर्द में आवाज तक नहीं है। बाढ़ की त्रासदी का सच जानने और देखने आम आदमी पार्टी के नेता अजय राय मुन्ना के नेतृत्व में पूरी टीम लगातार कई दिनों से बाढ़ क्षेत्र में जाकर पीडि़तों की मदद करने में जुटी है। बाढ़ से बेघर हुए लोगों की दर्दभरी कहानी इनकी जुबानी सुनी जा सकती है।

सदर तहसील के बाढ़ प्रभावित इलाके माल्देपुर, हैबतपुर, खोरी पाकड़ तथा मुबारकपुर के लोगों को सुरक्षित रखने के लिए माल्देपुर सरकारी स्कूल में शरणालय बनाया गया है। यहां रहने वाले बाढ़ पीडि़तों में पुड़ी-सब्जी, आचार आदि का वितरण आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने किया। वितरण करने वालों में अजय राय मुन्ना, डा. सोमनाथ सिंह, वीरेंद्र सिंह, मुन्ना गुप्ता, उषा राय, विभा पांडेय, विक्रमा, अंबेडकर आदि लोग शामिल रहे।

बाढ़ पीडि़तों ने आप के नेताओं से बताया कि जिला प्रशासन राहत और बचाव के चाहे जितने ढोल पीट ले, लेकिन धरातल पर हकीकत कुछ और है। यहां बाढ़ पीडि़तों के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। असुरक्षा के बीच जी रहे दर्जनों लोग नाव के अभाव में अपना सबकुछ बाढ़ में गंवा दिए हैं। किसी तरह जान बचाकर वह सड़क और स्कूल में शरण लिए हुए हैं। इसके पूर्व आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शहर के शनिचरी मंदिर के पीछे वाले इलाके एवं बेदुआ, श्रीरामपुर ढ़ाला आदि इलाके में पहुंचकर बाढ़ पीडि़तों की मदद की। भूख से परेशान बाढ़ पीडि़तों में भोजन सामग्री का वितरण किया। यहां भी अजय राय मुन्ना के साथ मुन्ना गुप्ता, मयूर खान, इस्लाम मोहम्मद, आप के जिलाध्यक्ष डा. प्रदीप कुमार, नगर अध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता आदि लोग शामिल रहे।