केशव के क़त्ल के पीछे कहीं आशनाई तो नहीं…?

एएसपी और सीओ ने लिया घटना स्थल का जायजा..

बलिया। हमेशा से शांत रहने वाला महाराजपुर गांव अचानक शुक्रवार की सुबह अशांत हो गया। क्योंकि गांव में पूर्व प्रधान के दरवाजे पर सो रहे केशव यादव (54) की गला रेत कर हत्या कर दी गई। कत्ल के पीछे आशनाई की चहुंओर चर्चा हो रही है। मृतक का न घर था, न परिवार। मांगते- खाते किसी तरह जिंदगी कट रही थी। हत्या की खबर मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी भी गांव में पहुंचे और घटना स्थल का जायजा लिया।
सहतवार थाना क्षेत्र के महाराजपुर निवासी केशव के परिवार में अब कोई नहीं बचा है। घर के सभी सदस्यों की मौत हो चुकी है। केशव का गांव में कुछ लोगों से काफी अच्छा लगाव भी था। कुछ लोगों के घर पशुओं की देखभाल भी करते थे।
ऐसे देखा जाए तो केशव का घर पंचायत भवन ही था। घटना की रात खाना खाने के बाद वह गांव के पूर्व प्रधान के दरवाजे पर सो गया। रात में किसी वक्त उसकी गला रेत कर हत्या कर दी गई।इसकी जानकारी परिवार के सदस्यों को सुबह उस समय हुए जब वह शौच आदि के लिए बाहर निकले। हत्या की खबर थोड़ी ही देर में पूरे इलाके में जंगल में आग की तरह फैल गई। सैकड़ो लोग पूर्व प्रधान के दरवाजे पर जुट गए। हमेशा से शांत रहने वाले गांव का माहौल अशांत हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया। इस मामले में पूर्व प्रधान के परिवार वालों की तहरीर पर अज्ञात हत्यारों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक अभी हत्याकांड का खुलासा नहीं हो पाया है और न ही हत्यारों का कोई सुराग मिला है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही हैं। मृतक के गले पर जख्म का गहरा निशान था। केशव यादव के बिस्तर भी काफी मात्रा में खून गिरा था। इससे अनुमान लगाया जा रहा है उसकी हत्या किसी धारदार हथियार से की गई है। उधर ग्रामीण दबी जुबान से हत्या के पीछे आशनाई की बात कह रहे हैं। मृतक केशव का गांव की एक महिला से नाजायज संबंध बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

Please share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!