बैरिया। पूर्व जिला पंचायत सदस्य जलेश्वर सिंह उर्फ बलवीर सिंह की हत्या के लगभग दो महीने बाद भी पुलिस द्वारा मुख्य आरोपी को गिरफ्तार न किया जाना पीडि़त परिवार के लिए सिरदर्द है। फरार चल रहे आरोपी से खतरा बना रहता है। दूसरी तरफ पुलिस की घोर उदासीनता के कारण परिजन दु:खी हैं। मंगलवार को नाराज परिजन सड़क पर उतर गए और मृतक की मां तेतरी देवी एवं अन्य लोगों के साथ मंगलवार को बैरिया त्रिमुहानी पर स्थित मैनेजर सिंह की प्रतिमा के पास एनएच जाम कर धरने पर बैठ गए। इससे सड़क के दोनों तरफ जाम की स्थिति उतपन्न हो गई।
सड़क पर उतरे परिजनों का आरोप है कि मुख्य आरोपी हरी सिंह व हरीश पासवान की गिरफ्तारी नं होने से मेरे परिवार के सदस्यों को जान का खतरा बना हुआ है। राजनीतिक दबाव के कारण पुलिस हरी सिंह को गिरफ्तार नहीं कर रही है। जबकि हरी सिंह बलिया से लखनऊ तक खुलेआम घूम रहे हैं। मौके पर पहुंचे एसएचओ राजीव कुमार मिश्र ने परिजनों को समझा-बुझाकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया और कुछ दिनों की मोहलत मांगी। परिजनों को बताया कि हरीश पासवान पर पुलिस ने इनाम घोषित कर दिया है। उसका इनाम और बढ़ाने की संस्तुति के लिए उच्चाधिकारियों को भेजा गया है। हरी सिंह की गिरफ्तारी तत्काल की जाएगी। एसएचओ के आश्वासन के बाद परिजनों ने लगभग तीन घंटे बाद धरना समाप्त कर दिया। धरना पर बैठने वालों में मृतक की मां तेतरी देवी, भाई नितेश सिंह, बब्लू सिंह, अमित वर्मा, धर्मेन्द्र यादव, भोलू सिंह, भाभी उषा देवी, बहन गीता सिंह, वीरभगत सिंह सहित मुहल्ले के दर्जनभर लोग शामिल रहे। मृतक जलेश्वर सिंह का भांजा बब्लूू सिंह ने बताया कि अगर तत्काल हरी सिंह की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो बैरिया त्रिमुहानी पर हम लोग आत्मदाह कर लेंगे। इसकी सारी जिम्मेदारी पुलिस एवं जिला प्रशासन की होगी।