झारखंड/पटना। भारतीय जनता पार्टी के सांगठनिक ढा़चे में परिवर्तन से बिहार और झारखंड में बड़ा फेरबदल हुआ है। बिहार के संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ त्रिपाठी उर्फ नागेंद्र जी को अब क्षेत्रीय संगठन महामंत्री बनाया गया है। इनके जिम्मे अब बिहार एवं झारखंड प्रदेश की बड़ी जिम्मेदारी होगी।

नागेंद्र नाथ त्रिपाठी बिहार भाजपा और झारखंड भाजपा के संगठन का पूरा काम देखेंगे। इनका केंद्र अब रांची में रहेगा।
देखा जाए तो पहली बार भारतीय जनता पार्टी ने क्षेत्रीय स्तर पर संगठन महामंत्री को नियुक्त किया है, इससे पहले प्रदेश स्तर पर संगठन महामंत्री होते थे और राष्ट्रीय स्तर पर राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी दी जाती थी। इनके ऊपर कुछ राज्यों की जिम्मेदारी होती थी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक को भाजपा का संगठन महामंत्री बनाया जाता है।

अब नागेंद्र जी को बिहार एवं झारखंड का संगठन महामंत्री बनाने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने गुजरात के पूर्व संगठन महामंत्री भीखुभाई दलसानिया को बिहार संगठन का महामंत्री नियुक्त किया है, नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
कुछ दिन पहले बिहार भाजपा के संगठन महामंत्री रत्नाकर को गुजरात भाजपा का संगठन महामंत्री बनाया गया है। इसके बाद से भिखूभाई दलसानिया के पास कोई भी दायित्व नहीं था, अब उन्हें बिहार भाजपा का संगठन महामंत्री बनाया गया है।