मुहम्मदाबाद। भाँवरकोल थाना क्षेत्र के सियाड़ी गांव निवासी पूर्व छात्र नेता सत्यम प्रकाश राय एक दुष्कर्म पीड़िता को न्याय दिलाने में अपने जीवन की कुर्बानी दे दी।सत्यम घोसी सांसद अतुल राय बलात्कार कांड में गवाह भी था। लेकिन वह उसे न्याय नहीं दिला सका। बीते दिनों न्याय न मिलते देख पीड़िता और सत्यम ने दिल्ली उच्चतम न्यायालय के सामने एकाएक आग लगाकर आत्मदाह की कोशिश की थी।
इसमें गंभीर रुप से दोनों झुलस गए थे। इन्हें दिल्ली पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया था। उपचार के दौरान सत्यम की शनिवार की सुबह मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही छात्र नेता के पैतृक गांव में सियापा पसर गया। जगह -जगह लोग इकट्ठा होकर आपस में उसी की बात कर रहे थे। उसके परिवार का कोई सदस्य इस समय गांव पर नहीं है। उसके पिता इन्द्रबली राय वाराणसी मे हैं। बडा़ भाई शिवप्रकाश राय दिल्ली है।

गांव के उसके पट्टीदार एवं अन्य शुभचिंतक दिल्ली पहुंचे हैं। इस घटना से गांव के आस-पास के लोग भी बहुत दुःखी हैं। लोगों के हमदर्द सत्मम की मौत से सभी हतप्रभ हैं। लोगों का कहना था कि सत्यम पढ़ाई -लिखाई में अव्वल दर्जे का होनहार लड़का था। शुरू से ही वह लोगों की मदद करने में रूचि रखता था ।पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए हमेशा से वह तत्पर रहता था। यूपी कालेज वाराणसी में पढ़ने के दौरान ही वह 2014 में छात्रसंघ के उपाध्यक्ष का चुनाव जीत कर राजनीति में दिलचस्पी रखने लगा और भाँवरकोल द्वितीय से 2015 में जिला पंचायत का चुनाव लडा़ था। दिल्ली के करोडीमल कालेज से पढाई करते समय उसे दिल्ली की प्राईवेट कम्पनी में नौकरी भी मिल गई थी। लेकिन कुछ दिनों के बाद उसने उसको छोड़ दिया। वह वाराणसी आ गया और राजनीति में पुनः हिस्सा लेने लगा। इस दौरान पीड़ितों की मदद में वह बढ़-चढ़कर हाथ बंटाने लगा था। गांव के पट्टीदार व गांव के पुर्व ग्राम प्रधान कमलेश राय इस समय दिल्ली में पीड़ित परिवार के साथ में हैं। सभी लोग दिल्ली से शव लेकर चल चुके हैं। सत्यम का अंतिम संस्कार वाराणसी में होगा।