वाराणसी/लखनऊ। कोरोना महामारी के कारण लगातार दूसरे साल भी लाखों युवाओं का भविष्य अधर में लटका है। पिछले दो साल से सेना भर्ती को पूरे प्रदेश में स्थगित कर दिया गया है। ऐसे में सेना की रैली भर्ती का अवसर तलाशने वाले छह लाख से अधिक युवाओं को करारा झटका लगा है। इसमें सेना में भर्ती की चाहत रखने वाली महिलाएं भी शािमल हैं। कोविड-१९ के कारण लखनऊ, वाराणसी सहित यूपी के सभी सेना भर्ती कार्यालयों में रैली पर रोक लगी हुई है।

देखा जाए तो पिछले 18 माह में छह सेना भर्ती मुख्यालयों पर 10 भर्ती रैलियांं आयोजित करने के लिए प्रस्ताव दिया गया था। लेकिन कोरोना के कारण महज एक आगरा में भर्ती रैली का आयोजन फरवरी माह में किया जा सका। इस भर्ती प्रक्रिया में भी अभी तक लिखित परीक्षा नहीं कराई जा सकी है। ऐसे में भर्ती रैली को देखते-देखते ज्यादातर युवाओं की अधिकतम आयु भी समाप्त हो चुकी है। लेकिन अभी तक स्थिति साफ न होने से युवाओं में उहापोह बरकरार है।

महिला मिलिट्री भर्ती का भी यही हाल है। यह भी लखनऊ, आगरा और झारखंड में प्रस्तावित थी, लेकिन सब अधर में लटका है। पिछले साल भर्ती निरस्त होने की वजह से इस साल भी जून और जुलाई तक सेना ने महिला मिलिट्री पुलिस की भर्ती के लिए आनलाइन आवेदन मांगे थे। इस नए बैच की भर्ती रैली सितंबर में प्रस्तावित थी। लेकिन सेना को वर्तमान में इसे भी रोकना पड़ा है।