कर्मचारी नेता वेदप्रकाश पांडेय ने कर्मचारियों को दी बधाई..
बलिया। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर कोरोना से बचाव के लिए मेगा वैक्सिनेशन अभियान को सरकारी कमर्चारियों ने अपनी कर्तव्यनिष्ठा से सफल बनाया है। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के मंत्री वेदप्रकाश पाण्डेय ने सभी कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि सरकारी कर्मचारी ही इस देश की रीढ़ हैं। इन्हें मजबूत करने की जरूरत है।

कर्मचारी नेता वेदप्रकाश पाण्डेय ने कहा कि इसके पहले कोरोना की पहली लहर हो या दूसरी लहर, हर कठिन परिस्थिति में सरकारी कर्मचारियों ने सरकार की उम्मीदों पर खुद को खरा साबित किया है। कोरोना के समय हर संवर्ग के कर्मचारियों ने अपनी जान पर खेल कर देश को बचाने का काम किया। अपने परिवार की भी परवाह नहीं की।

अब जब कोरोना से बचाव के लिए देशवासियों को वैक्सीन लगायी जा रही है तो इसमें भी कर्मचारियों ने अपने को सिद्ध किया है। श्री पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के जन्मदिन पर उनकी भावना के अनुरूप लगभग ढाई करोड़ लोगों के वैक्सिनेशन का अनोखा रिकार्ड सरकारी कर्मचारियों के बूते ही बना है।

इसमें बलिया के कर्मचारियों का भी अमूल्य योगदान है। कमर्चारी नेता श्री पाण्डेय ने कहा कि आपदा हो या अन्य कोई अवसर, देश के लिए हर समय खड़े रहने वाले सभी सरकारी कर्मचारी कोटिशः बधाई के हकदार हैं। सरकार को भी कर्मचारियों की सभी समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहना चाहिए। वेदप्रकाश पाण्डेय ने अपील किया कि हर देशवासी को सरकारी कर्मचारियों की इस उपलब्धि की सराहना करनी चाहिए। इससे उनका मनोबल बढ़ेगा।