बलिया/सिकंदरपुर। घर से नहाने गए दो दोस्तों की मौत गड़ही में डूबने से हो गई। गुरुवार की सुबह उनका शव गड़ही में उतराया मिला। इसके बाद यह खबर पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई। सूचना मिलने के बाद परिजन भी घटना स्थल पर पहुंचे और लाश को देखते ही रूद्रन- क्रंदन शुरु हो गया। दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया। दोनों दोस्तों की उम्र 14 साल से कम थी।

सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के चेतन किशोर गांव के समीप खेल मैदान के पास स्थित गड़ही में गुरुवार की सुबह दो बच्चों का उतराया हुआ शव मिला। ग्रामीणों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। घटना की जानकारी जैसे ही लोगों को हुई। घटनास्थल पर भारी भीड़ जुट गई।

दोनों बालकों के शव को किसी तरह बाहर निकाला गया। इस बीच दोनों बच्चों के परिजन भी वहां पहुंच गए और शव की पहचान की। मृतकों में एक का नाम तेजस कुमार (13) वर्ष पुत्र मनोज कुमार बर्नवाल तथा दूसरा विशाल चौहान (12) पुत्र सुरेंद्र चौहान निवासी मवेशी अस्पताल के रूप में हुई।

मृत बच्चों के परिजनों का कहना था कि दोनों दोस्त थे और बुधवार को सायंकाल ही घर से निकले थे। देर रात तक इनकी खोजबीन की जा रही थी। लेकिन कहीं पता नहीं चला था। हालांकि गड़ही के पास उनकी साइकिल और कपड़ा मौजूद था। पुलिस का कहना है कि नहाने के दौरान ही यह गहरे पानी में चले गए और डूबने से इनकी मौत हुई।