अभिमन्यु को किसने मारी गोली..?

गाजीपुर। जखनियां तहसील अंतर्गत भुड़़कुड़ा मार्ग पर हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। उसे दो गोली लगने के बाद भी वह खेत में भागकर अपनी जान बचाया। इस बीच गोलियों की तड़तड़ाहट सुनकर आस-पास के लोग घटना स्थल की तरफ दौड़े, लेकिन उनके पहुंंचने से पहले ही बदमाश वहां से भाग निकले। उधर गंभीर स्थिति में युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत नाजुक देख ट्रामा सेंटर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया।
भुड़कुड़ा थाने के सलेमपुर बधाई गांव निवासी अभिमन्यु यादव (३०) को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। बाइक सवार नकाबपोश बदमाश पहले से घात लगाकर बैठे हुए थे। उनके एकाएक गोली चलाने से अभिमन्यु खेत की तरफ भागा और अपनी जान बचाई। इस बीच गोली की आवाज सुनकर आस-पास के लोग घटना स्थल पर पहुंच गए। तभी मौका देख बदमाश वहां से भागने में सफल रहे। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लहूलुहान युवक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे ट्रामा सेंटर बीएचयू भेज दिया गया। अभिमन्यु के सिर एवं कंधे पर दो गोली लगी है। इलाके में इस बात की चर्चा होने लगी है कि आखिर अभिमन्यु को किसने गोली मारी ? उसकी किससे दुश्मनी थी और गोली मारने वाले कौन थे? पुलिस पुरानी रंजिश, जमीनी विवाद, पैसे के लेन-देन एवं आशनाई को केंद्र में रखकर तफ्तीश शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि युवक को गोली किस कारण से मारी गई है?
इस मामले में भुड़कुड़ा सीओ गौरव कुमार ने कहा कि हमले में घायल अभिमन्यु यादव के भतीजे पवन यादव की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम उनकी खोजबीन में लगी है। बहुत जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।

Please share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!