आजमगढ़ के नवनिर्वाचित सांसद के बड़े भाई की फॉर्च्यूनर दुर्घटनाग्रस्त, हालत गंभीर

भाजपा सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ के बड़े भाई विजय लाल यादव की हालत गंभीर

आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव में भाजपा व सपा के लिए वोट मांग रहे थे दोनों भाई
लखनऊ। आजमगढ़ संसदीय क्षेत्र से नवनिर्वाचित भाजपा सांसद एवं भोजपुरी अभिनेता दिनेश लाल यादव निरहुआ के बड़े भाई विजय लाल यादव गुरुवार को कार दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक के नियंत्रण खोने के बाद उनकी कार डिवाइडर से टकराकर करीब 18 से 20 मीटर ऊपर हवा में उड़ने के बाद जमीन पर गिरी। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए हैं।
बता दें कि प्रसिद्ध बिरहा गायक तथा सपा के वरिष्ठ नेता विजय लाल यादव की कार लखनऊ जाते समय बाराबंकी के पास सड़क हादसे की शिकार हो गई। दुर्घटना के शिकार विजय लाल यादव की हालत गंभीर बताई जा रही है। उनकी फारच्यूनर कार भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है।
उधर वरिष्ठ समाजवादी नेता एवं बड़े भाई की कार दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर मिलते ही नवनिर्वाचित सांसद व अभिनेता निरहुआ ने ट्विटर के जरिए लोगों को खुद जानकारी दी। अपने भाई के स्वास्थ्य के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि सड़क दुघर्टना में घायल होने के बाद उन्हें वेदांता हॉस्पिटल ले जाया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। इसके साथ ही अभिनेता ने अपने सभी मित्रों से बड़े भाई के जल्द स्वस्थ होने की कामना करने की भी अपील की है।
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो विजय लाल यादव की फॉर्च्यूनर काफी तेज गति में जा रही थी। इसी दौरान चालक स्टेयरिंग से अपना संतुलन खो बैठा और तेज गति से चल रही कार डिवाइडर से जा टकराई। डिवाइडर से हुई भिड़ंत की वजह से कार हवा में 20 मीटर तक ऊपर उछल गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार पलट गई और उसके परखच्चे उड़ गए।
देखा जाए तो विजय लाल यादव सपा सरकार में दर्जा प्राप्त मंत्री भी रहे हैं। साथ ही वह समाजवादी पार्टी के पूर्व उपाध्यक्ष भी रहे हैं। वर्तमान में वह समाजवादी सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव है। इस बार आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव में प्रचार करते भी नजर आए थे। हालांकि उन्होंने अपने भाई दिनेश लाल यादव निरहुआ की जगह सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव का समर्थन किया था। लोकसभा चुनाव में दोनों भाई आमने-सामने थे और प्रतिद्वंदी के रूप में मतदाताओं से वोट भी मांगें।

Please share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!