बलिया। नगरा थाना क्षेत्र के ताड़ीबड़ा गांव के एकभिटिया मौजे में दरवाजा लगाने के विवाद में रविवार को दो पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनो पक्षों के बीच जमकर हुई मारपीट में एक महिला सहित चार लोग घायल हो गए। परिजन घायलों को पीएचसी नगरा पहुंचाए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी को सदर अस्पताल रेफर कर दिया। दोनो पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ थाने में तहरीर दी है, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
नगरा थाना क्षेत्र के ताड़ीबड़ा गांव के एकभिटिया में दरवाजा लगाने के लिए एक पक्ष द्वारा गड्ढा खोदा जा रहा था। जिस पर दूसरे पक्ष के लोगों ने मना कर दिया। बात बात में विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। जिसमें एक पक्ष के 68 वर्षीय नरेंद्र चौहान, 57 वर्षीय नगेन्द्र चौहान व 21 वर्षीय राजन चौहान तथा दूसरे पक्ष की 60 वर्षीय महिला मुनेसरी देवी घायल हो गई। परिजन सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगरा पहुंचाए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने सभी को सदर अस्पताल रेफर कर दिया। दोनो पक्षों ने पुलिस को तहरीर दी है, जिसपर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।