मासूमों को बचाने में पीयूष ने गंवा दी जान0
बलिया। बैरिया तहसील के दयाछपरा नौरंगा गंगा घाट पर अपने मामा के साथ स्नान करने गया युवक अचानक गहरे पानी में डूब गया। मछुवारों के काफी प्रयास के बाद शव बरामद कर लिया गया। शव देखते ही ननिहाल में कोहराम मच गया।
रेवती थाना क्षेत्र के श्रीनगर गांव निवासी पीयूष कुमार यादव (20) पुत्र सुखराम यादव अपने नाना बनेला यादव की तेरही में दयाछपरा बुधनचक आया था। मंगलवार की सुबह अपने मामा सुबाष यादव के साथ छोटे बच्चों को लेकर स्नान के लिए नवरंगा घाट पर गया था। इसी बीच स्नान कर रहे दो बच्चे डूबने लगे। उन्हें बचाने के लिए अन्य लोगों के साथ पीयूष भी नदी में कूद पड़ा। बच्चों को बिहार के चिकुपाकड़ नया गांव निवासी मछुवारा शैलेश चौहान व अशोक साहनी ने बचा लिया। जबकि पीयूष गहरे पानी में डूब गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मछुवारों की मदद से युवक का शव ढूढने के प्रयास में लग गई। मछुवारों के अथक प्रयास से करीब पांच घंटे बाद शव बरामद किया गया।