लोकतंत्र व संविधान के अधिकारों का अपहरण कर सत्ता पर बने रहना चाहती है भाजपा





सपा जिलाध्यक्ष ने की पत्रकारवार्ता

बलिया। देश और प्रदेश की सत्ता पर काबिज भाजपा सरकार लोकतंत्र एवं संविधान के अधिकारों का अपहरण कर सत्ता पर बने रहना चाहती है।
उक्त बातें फेफना विधानसभा क्षेत्र से विधायक एवं समाजवादी पार्टी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष संग्राम सिंह यादव ने 31 जनवरी 2024 दिन बु‌धवार को जलालपुर स्थित आवास पर आयोजित प्रेसवार्ता में कही।

नयी मतदाता सूची में व्यापक अनियमितता..

**सपा जिलाध्यक्ष संग्राम सिंह यादव ने पत्र प्रतिनिधियों से बात करते हुए कहा कि मतदाता सूची पुनर्निरीक्षण के बाद जो नई मतदाता सूची जारी किया गया है। उसमें व्यापक अनियमितता हुई है। विधानसभा चुनाव -2022 के दौरान जिन लोगों का नाम मतदाता सूची में था, उन लोगों का भी नाम काट दिया गया है। विशेष रूप से समाजवादी पार्टी के समर्थन वाले बूथों और गाँवों में सपा समर्थक मतदाताओं को चिन्हित करके उनका नाम काटा गया है, जो लोकतंत्र एवं संविधान द्वारा प्रदत अधिकारों के अपहरण के समान है। वर्तमान में थाने और पुलिस चौकियां भाजपा कार्यालय के तरह काम कर रहे हैं। सपा कार्यकर्ताओं को उनके द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा है और फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी जा रही है।

जिला अस्पताल रेफरल अस्पताल बन कर रह गया है..

जिला चिकित्सालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के चिकित्सालयों की खस्ताहाल स्थिति है। कहीं भी आवश्यकता के अनुपात में चिकित्सक नहीं है, दवाइयों का अभाव है और जिला चिकित्सालय एक रेफरल हॉस्पिटल बन कर रह गया है। जिससे मरीजों को छोटी छोटी बीमारियों के इलाज के लिए अन्य जनपदों में जाना पड़ रहा है। जिस कारण उनका आर्थिक और मानसिक शोषण हो रहा है।

बिजली बिल वसूली के नाम पर गरीब व किसानों को किया जा रहा प्रताड़ित

**सपा जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि बिजली बिल बकाया वसूली के नाम पर गरीब किसानों एवं आमजनों को प्रताड़ित किया जा रहा है। लोगों पर कभी मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है, तो कभी आरसी काटा जा रहा है। इन सबके कारण गरीब एवं आम जनमानस मानसिक रूप से प्रताड़ित हो रहा है।

अखबार में केवल बयान और विज्ञापन दिया जा रहा है

**सपा जिलाध्यक्ष संग्राम सिंह यादव ने विकास के सवाल पर सरकार को नकारा साबित करते हुए कहा कि पिछले करीब सात वर्षों से उत्तर प्रदेश की वर्तमान सरकार समाजवादी पार्टी की सरकार में किए गए जनहित एवं विकास कार्यों का फीता काट रही है या नाम बदल रही है। इनकी उपलब्धि यही है। वर्तमान सरकार द्वारा अबतक जनपद में विकास के नाम पर एक भी कार्य नहीं किया गया। सिर्फ अखबारों में बयान या विज्ञापन दिया जाता है। जनपद की अच्छी सड़कों को पाइप या तार डालने के नाम पर खोदकर छोड़ दिया गया है। इससे राहगीरों को परेशानी हो रही है।दुर्घटनाएं भी अधिक हो रही है, इसके लिए सरकार सीधे-सीधे जिम्मेदार है। दिल्ली की पीड़िता बेटी (निर्भया) जो जनपद के मेड़वर कला की निवासी थी। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश सिंह यादव उनके गाँव स्वयं आये थे। वहां की सड़क बनवाए और एक हास्पिटल बनवाए। सड़क और हास्पिटल दोनों की दशा दयनीय है, लेकिन सरकार का उस पर कोई ध्यान नहीं है।

फेफना को ब्लाक बनाने के लिए विधानसभा में उठेगी आवाज

**फेफना को ब्लाक बनाने की मांग करते हुए कहा कि इसके लिए मैं विधानसभा में भी आवाज उठाऊंगा। संग्राम यादव ने जनेश्वर मिश्र सेतु को बिहार के बक्सर- पटना मार्ग से जोड़ने की भी मांग की। सपा जिलाध्यक्ष ने एक सवाल के जवाब में कहा कि देश और पदेश में नियुक्ति का कोई विज्ञापन नहीं निकल रहा है। पढ़े -लिखे युवा रोजगार के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं। रोजगार न मिलने के कारण युवा हताशा का शिकार हो रहे हैं और भाजपा अपने सता के अंकगणित का हिसाब बैठाने में मशगूल है, जो देशहित एवं जनहित में कतई नहीं है। इस अवसर पर महासचिव बीरबल राम, उपाध्यक्ष/प्रवक्ता सुशील पांडेय “कान्हजी”, अनिल राय, शशिकांत चतुर्वेदी, कंचन भारती, राजेंद्र यादव,दिनेश यादव, रोहित यादव आदि उपस्थित रहे।






Please share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!